
1/8/2026
कुल्लू
खबर अभी अभी
कुल्लू की सड़कों को लेकर सियासत गरमाई, पूर्व भाजपा प्रत्याशी ने विधायक पर भोले-भाले ग्रामीणों को गुमराह करने का लगाया आरोप
सुशांत शर्मा – कुल्लू
कुल्लू। भाजपा कुल्लू सदर के पूर्व प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर ने वर्तमान कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला है। शनिवार को कुल्लू में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए 4 साल होने वाले हैं, लेकिन उनके पास जनता के बीच जाकर गिनाने के लिए एक भी बड़ी उपलब्धि नहीं है।
नरोत्तम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से जो भी योजनाएं स्वीकृत हो रही हैं, कांग्रेस सरकार उनका श्रेय लेने के लिए दौड़ जाती है। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) स्टेज-4 के तहत स्वीकृत सड़कों का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा, “लगभग एक साल पहले केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा हमारी सांसद कंगना रनौत की अनुशंसा पर कुल्लू विधानसभा क्षेत्र की दर्जनों सड़कें PMGSY-4 में स्वीकृत हुई हैं। इस विषय पर वह दो बार पहले भी जनता को अवगत करवा चुके हैं। लेकिन अब कुल्लू वर्तमान विधायक बारी-बारी से उन क्षेत्रों में जाकर भूमि पूजन कर रहे हैं और गांव के भोले-भाले लोगों को कह रहे हैं कि हम आपके लिए करोड़ों की सड़कें ला रहे हैं।”
नरोत्तम ठाकुर ने आरोप लगाया कि यह जनता को ठगने जैसा है। “हमारा भी दायित्व बनता है कि जनता को सच बताया जाए कि कौन काम कर रहा है और कौन सिर्फ झूठ बोल रहा है। ये काम करने वाले लोग नहीं हैं, इनका सारा दिमाग इसी में लगता है कि झूठ को कैसे सच जैसा बनाकर पेश किया जाए।”
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वह दस्तावेजों के साथ हर सड़क का पूरा ब्योरा जनता के सामने रखेंगे कि कौन सी सड़क कब, किसके प्रयासों से और किस मंत्रालय से स्वीकृत हुई है, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।





