
कुल्लू
कुल्लू के फायर स्टेशन में आज से फायर वीक (अग्निशमन सप्ताह) की शुरुआत शहीदी दिवस के रूप में की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अग्निशमन अधिकारी प्रेम भारद्वाज ने की।
इस दौरान अग्निशमन विभाग द्वारा सप्ताह भर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों, अस्पतालों, सरकारी और निजी संस्थानों में मॉक ड्रिल, प्रशिक्षण और जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को आग से बचाव और आपात स्थिति में सतर्क रहने के उपाय बताए जाएंगे।
फायर वीक की शुरुआत 14 अप्रैल 1944 को हुए भीषण अग्निकांड की स्मृति में की जाती है। उस दिन मुंबई बंदरगाह के पास एक जहाज में विस्फोट होने से भयंकर आग लग गई थी, जिसमें हजारों लोगों की जान चली गई थी और कई लोग घायल हुए थे। आग बुझाने के दौरान कई अग्निशमन कर्मियों ने भी अपने प्राणों की आहुति दी थी।
इन्हीं शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से हर वर्ष 14 अप्रैल से फायर वीक मनाया जाता है।
जिला अग्निशमन अधिकारी प्रेम भारद्वाज ने बताया कि इस सप्ताह के दौरान लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक करना ही मुख्य उद्देश्य है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में जन-धन के नुकसान को कम किया जा सके।





