
खबर अभी अभी
चंबा जिले की राजकीय उच्च पाठशाला मंगलेरा में हेडमास्टर के कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना एक पत्रकार को दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी शिक्षा विभाग के उपनिदेशक (डिप्टी डायरेक्टर) को दी गई।
बताया जा रहा है कि विभागीय टीम के स्कूल पहुंचने की सूचना मिलते ही संबंधित हेडमास्टर स्कूल परिसर से बाहर निकलते दिखाई दिए। जब पत्रकार ने उनसे स्कूल छोड़कर जाने का कारण पूछा तो उन्होंने पेट दर्द का हवाला देते हुए घर जाने की बात कही।
घटना का वीडियो भी सामने आने की चर्चा है, जिसमें हेडमास्टर मुंह पर हाथ रखकर जल्दबाजी में जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
हालांकि, अभी तक संबंधित अधिकारी की मेडिकल जांच या विभागीय जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। ऐसे में शराब के नशे में होने के दावे की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। शिक्षा विभाग द्वारा मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





