
जवाली : उपमंडल जवाली बेही पठियार पंचायत के 20 वर्षीय अग्निवीर जवान अमनीत की सड़क हादसे में मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया गया। जानकारी के अनुसार अमनीत छुट्टी समाप्त होने के बाद अपनी यूनिट ज्वाइन करने जा रहे थे। इसी दौरान जौंटा के समीप उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नूरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अमनीत डोगरा रेजिमेंट में तैनात थे और वर्तमान में हैदराबाद में सेवाएं दे रहे थे। अमनीत माता-पिता के इकलौते बेटे थे, जबकि उनकी दो बहनें हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
सेना के जवान जैसे ही अमनीत का पार्थिव शरीर घर लेकर पहुंचे, माहौल गमगीन हो गया। परिजनों की चीख-पुकार से हर आंख नम हो उठी। सैन्य सम्मान के साथ जवान को अंतिम विदाई दी गई। उनके चचेरे भाई ने मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में 8 जेएकेएलआई, 100 फील्ड रेजिमेंट, सीएमपी के जवानों सहित कई सैन्य अधिकारी और जवान शामिल रहे, जबकि प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार वीर सिंह, एएसआई बलविंदर सिंह तथा पूर्व सैनिक कैप्टन चुन्नी लाल, कैप्टन प्रताप सिंह, कैप्टन अश्वनी कुमार सूबेदार मेजर चूहड़ राम और एक्स सर्विसमैन लीग के अध्यक्ष एवं डिप्टी डायरेक्टर जितेंद्र पाल सहित सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से अमनीत को श्रद्धांजलि अर्पित की।





