जोगिंद्रनगर में दुकानों में मिली अनियमितताएं, 54 हजार रुपये जुर्माना वसूला

#खबर अभी अभी मंडी ब्यूरो*

28 अगस्त 2023

उपमंडल जोगिंद्रनगर में माप-तोल विभाग और स्थानीय कारोबारियों के बीच गहराए विवाद के बीच पुलिस के पहरे में लगभग 300 कारोबारियों के बाट और तराजू सत्यापित कर प्रमाण जारी कर दिए गए हैं। विभाग के निरीक्षण के दौरान जिन दुकानों में अनियमितताएं पाई गईं, उनके संचालकों से 54 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
रविवार को विधिक माप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि जोगिंद्रनगर में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित शिविर के दौरान लगभग 300 व्यापारियों के प्रमाण पत्र सत्यापित किए गए। इस दौरान विभिन्न व्यवसायों की दुकानों के निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर 12 चालान भी काटे गए, जिसमें 10 चालान पैकेज कमोडिटी एक्ट और दो चालान लीगल मेटालॉजी एक्ट के करके 54,000 का जुर्माना भी वसूला है।
थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि स्थानीय कारोबारियों और माप-तोल विभाग के साथ गहराए विवाद के कारण पुलिस ने विभाग के चिन्हित शिविर वाले स्थान पर सख्त पहरा बिठा रखा था। सहायक नियंत्रक गौरव चड्ढा ने बताया कि कारोबारी जब भी थोक व्यापारी से सामान खरीदते हैं तो सामान पर एमआरपी, उत्पादक का नाम, उत्पादन व समाप्ति तिथि, उत्पाद की संख्या या वजन इत्यादि बातों का विशेष ध्यान रखना उनका दायित्व है। ऐसी लापरवाही पर विभाग के द्वारा नियमानुसार कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है।
उन्होंने व्यापारियों को राहत देते हुए कहा कि खराब मौसम और सड़कों के बंद होने के कारण जो व्यापारी अपने बाट और तराजू सत्यापित नहीं करवा पाए हैं, वे चौंतड़ा और मछयाल में प्रस्तावित शिविर में बिना लेट फीस से तराजू और बाट सत्यापित करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग को ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की बहुत-सी शिकायतें मिल रही हैं। इसलिए समय-समय पर दुकानों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

#खबर अभी अभी मंडी ब्यूरो*

Share the news