त्रियुंड ट्रैक पर बढ़ेंगी सुविधाएं, सुरक्षा होगी मजबूत; ₹30 लाख से होंगे विकास कार्य, लाका से पहुंचेगा पानी

1/8/2026
खबर अभी अभी
धर्मशाला

त्रियुंड ट्रैक पर आने वाले पर्यटकों और ट्रेकर्स को जल्द बेहतर सुविधाएं मिलने जा रही हैं। ट्रैक की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखते हुए वन विभाग सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है।

DFO धर्मशाला अमित शर्मा ने बताया कि त्रियुंड धौलाधार लैंडस्केप का हिस्सा है और इसकी सबसे बड़ी पहचान इको-टूरिज्म व ट्रेकिंग है। यह संरक्षित क्षेत्र है, इसलिए यहां सीमित निर्माण ही किया जाएगा ताकि प्राकृतिक सौंदर्य बरकरार रहे।

DFO ने कहा कि ट्रैक पर केवल स्वस्थ और शारीरिक रूप से सक्षम लोगों को ही जाना चाहिए, क्योंकि यह एक एडवेंचर गतिविधि है। ट्रैक के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वन विभाग ने वायरलेस संचार व्यवस्था शुरू की है। इसके अलावा त्रियुंड और करेरी में पांच-पांच स्ट्रेचर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि घायल ट्रेकर्स का तुरंत रेस्क्यू किया जा सके।

अमित शर्मा ने बताया कि इस वर्ष त्रियुंड ट्रैक पर लगभग ₹30 लाख की लागत से गज़ीबो, रेन शेल्टर और आकर्षक प्रवेश द्वार जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं लाका से त्रियुंड तक पानी पहुंचाने की योजना भी तैयार की गई है। इसके लिए ₹15 लाख का ऋण स्टेट इको-टूरिज्म सोसायटी से मिला है, जबकि शेष राशि के लिए उपायुक्त से सहयोग का आश्वासन प्राप्त हुआ है। मानसून के बाद इस परियोजना पर कार्य शुरू किया जाएगा।

Share the news