दिल्ली में दहशत की साजिश नाकाम: ISI से जुड़े चार आतंकी गिरफ्तार, NCR भी था निशाने पर; ऐसे हुआ खुलासा

खबर अभी अभी
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक अंतरराज्यीय आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन पंजाब और एक दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी आईएसआई हैंडलर शाहजाद भट्टी के निर्देश पर दिल्ली में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभदीप सिंह, गुरजंट सिंह, साजन सिंह और गगनप्रीत के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए पाकिस्तानी हैंडलरों द्वारा उपलब्ध कराए गए विदेशी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे।

स्पेशल सेल ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गगनप्रीत को दिल्ली में पुलिस प्रतिष्ठानों, पिकेट और धार्मिक स्थलों की रेकी करने तथा वीडियो बनाकर पाकिस्तान स्थित हैंडलरों को भेजने का जिम्मा सौंपा गया था। उसे दिल्ली में गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के भी निर्देश दिए गए थे।

पुलिस को विश्वसनीय खुफिया सूचना मिली थी कि आईएसआई हैंडलर शाहजाद भट्टी दिल्ली-एनसीआर में आतंकी घटना की साजिश रच रहा है और इसके लिए पंजाब के युवाओं की भर्ती की गई है। इसके बाद तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली और पंजाब में एक साथ छापेमारी की गई।

सबसे पहले अमृतसर से शुभदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक पिस्तौल, पांच कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से हथियार और नशीले पदार्थ मिलने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसके दो सहयोगी गुरजंट सिंह और साजन सिंह को भी पंजाब से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक जिगाना पिस्तौल, चार कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।

जांच के दौरान 24 अप्रैल 2026 को गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। उसके मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक डिजिटल सबूत मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Share the news