
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
14 जून 2023

ऊना जिले के मेधावी विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शानदार प्रदर्शन किया। ऊना के निजी कोचिंग संस्थानों के बाहर परीक्षा में अव्वल रहे विद्यार्थियों की खुशी में जमकर ढोल पर नाच कर जश्न मनाया गया। कांगड़ा जिले भाई-बहन ने ऊना में हॉस्टल में रहते हुए कोचिंग लेकर किसान पिता की उम्मीदों को पंख लगाए हैं।
कांगड़ा की तहसील इंदौरा के गांव तियोड़ा के रहने वाले भाई और बहन ने नीट परीक्षा में अपना परचम लहराया है। ऊना के करिअर होप क्लासेज कोचिंग संस्थान में नीट की तैयारी कर रही छात्रा रेणुका ने यहां 618 अंक तो दीप कमल पुत्र अश्वनी कुमार ने 613 अंक हासिल कर किसान पिता के सपनों को पंख लगाए हैं।
रेणुका आगे चलकर एमबीबीएस करना चाहती हैं और हृदय रोग विशेषज्ञ बनना चाहती है। वहीं, दीप कमल एमबीबीएस के पश्चात कार्डियोलॉजी, चमड़ी रोग या फिर न्यूरो विशेषज्ञ तीनों में से एक क्षेत्र में महारत हासिल करेगा। दोनों के पिता अश्वनी कुमार यहां किसान है तो माता बलवंत कौर गृहिणी हैं।
बच्चों की इस सफलता के बाद दोनों फूले नहीं समा रहे। दोनों भाई बहन नीट परीक्षा को उत्तीर्ण करने के लिए सात-आठ घंटे पढ़ाई को देते थे और कोचिंग संस्थान में की गई तैयारी को घर पर भी रिवाइज करते थे। दोनों ने सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





