
16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

देवभूमि हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार और अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस का अभियान जारी है। ढली पुलिस ने 6.5 ग्राम हेरोइन के साथ दो युवकों को गिरफ्तार करने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए कथित मुख्य सप्लायर तक पहुंच बनाई है। पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज की जांच के आधार पर पंजाब के फाजिल्का से अजय कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में वित्तीय लेन-देन और फोन कॉल डिटेल्स से भी अहम कड़ियां सामने आई हैं।
वीओ
एएसपी मेहर पंवर के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को पुलिस थाना ढली की टीम भट्टाकुफर-ढली टनल मार्ग पर गश्त और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका।
कार में दो युवक सवार थे। चालक की सीट पर 25 वर्षीय दुष्यंत वर्मा निवासी सुन्नी, जिला शिमला और साथ वाली सीट पर 24 वर्षीय अक्षय शर्मा निवासी आनी, जिला कुल्लू मौजूद था। पुलिस के मुताबिक वाहन की तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 6.5 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना ढली में अभियोग संख्या 84/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नशे की सप्लाई के बैकवर्ड लिंकेज खंगाले। एएसपी मेहर पंवर के अनुसार, जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों को कथित तौर पर चिट्टा सप्लाई करने वाला अजय कुमार है। पुलिस के अनुसार, अजय कुमार ने हेरोइन पंजाब के फाजिल्का क्षेत्र से हासिल की थी और बाद में मोहाली में अक्षय शर्मा को सौंपी थी।
पुलिस ने जांच के दौरान दोनों के बीच 10,500 रुपये के कथित वित्तीय लेन-देन और फोन कॉल डिटेल्स से नशीले पदार्थ की खरीद-फरोख्त से संबंधित अहम कड़ियां मिलने का भी दावा किया है।
इसके बाद ढली पुलिस की विशेष अन्वेषण टीम पंजाब रवाना हुई। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को टीम ने गांव मोजेवाला, तहसील जलालाबाद, जिला फाजिल्का में दबिश देकर 24 वर्षीय अजय कुमार को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर नशे के इस कथित अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।





