मंडी में JEE/NEET की निःशुल्क कोचिंग बूट कैंप शुरू, 160 से अधिक विद्यार्थी ले रहे भाग

29 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से तथा डाइट मंडी और समग्र शिक्षा मंडी के संयुक्त तत्वावधान में प्लस टू के विद्यार्थियों के लिए नौ दिवसीय निःशुल्क JEE/NEET ऑनलाइन कोचिंग बूट कैंप शुरू किया गया। इसका शुभारंभ गुरुवार को मंडी स्थित होटल रिवर बैंक में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप निदेशक (क्वालिटी) मीना ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मंच संचालन जिला समन्वयक डॉ. राकेश ने किया। जिला समन्वयक कमलेश महाजन और बलबीर सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

डॉ. राकेश ने बताया कि बूट कैंप में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 160 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया है। अगले नौ दिनों तक विद्यार्थियों को JEE और NEET प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाएगी।

शिविर में फिजिक्स वाला (Physics Wallah) और अवंती फेलो (Avanti Fellows) के लगभग 10 अनुभवी मेंटर्स विद्यार्थियों को विषयों की तैयारी, परीक्षा रणनीति, समय प्रबंधन और शंकाओं के समाधान से जुड़े सत्र प्रदान करेंगे।

उप निदेशक मीना ठाकुर ने कहा कि समग्र शिक्षा की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों और जरूरतमंद मेधावी छात्रों को महंगी कोचिंग के बिना डॉक्टर और इंजीनियर बनने की दिशा में तैयारी का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ इस अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया।

यह बूट कैंप समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश द्वारा प्रायोजित है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए मार्गदर्शन और आवश्यक शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध करवाना है।

Share the news