
1/8/2026
खबर अभी अभी
धर्मशाला
मानसून के बीच कांगड़ा घाटी के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की अच्छी आवाजाही बनी हुई है। हालांकि इस मौसम में बारिश और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में जिला पर्यटन विभाग ने पर्यटकों से सावधानी बरतने और होटल कारोबारियों से सरकार की ओर से जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।
जिला पर्यटन अधिकारी विनय धीमान ने बताया कि मैकलोडगंज, धर्मकोट, पालमपुर और बीड़ जैसे पर्यटन स्थलों पर इस समय भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। जून की तुलना में पर्यटकों की संख्या कम है, लेकिन पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार मानसून सीजन में बेहतर फुटफॉल देखने को मिल रहा है।
उन्होंने पर्यटकों से आग्रह किया कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचें। यदि किसी कारणवश ऐसे स्थानों पर जाना आवश्यक हो तो मौसम की जानकारी लेकर ही जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
विनय धीमान ने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर देते हुए कहा कि पर्यटक प्राकृतिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं और प्लास्टिक सहित अन्य अपशिष्ट अपने साथ वापस लेकर आएं, जिससे पर्यावरण और जल स्रोत सुरक्षित रह सकें।
उन्होंने बताया कि मानसून को लेकर सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश होटलियर एसोसिएशनों के माध्यम से होटल संचालकों तक पहुंचा दिए गए हैं। जल्द ही होटल संचालकों के साथ बैठक भी आयोजित की जाएगी, ताकि वे अपने यहां ठहरने वाले पर्यटकों को सुरक्षा संबंधी नियमों की जानकारी देकर उनका पालन सुनिश्चित कर सकें।
।





