सोलन क्षेत्रीय अस्पताल में पर्ची काउंटर पर अव्यवस्था, घंटों लाइन में खड़े रहे मरीज व तीमारदार

1/8/2026
खबर अभी अभी
सोलन

सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल में पर्ची बनाने के लिए पर्याप्त काउंटर नहीं होने के कारण शनिवार को मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल में सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे कई मरीज घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे।

लाइन में खड़े मरीजों और उनके परिजनों ने आरोप लगाया कि कतार में लगे लोगों की बजाय कुछ लोगों की फाइलें अंदर से ही बनाकर दी जा रही थीं। उनका कहना था कि वे सुबह से लाइन में खड़े हैं, लेकिन उनका नंबर नहीं आ रहा, जबकि अन्य लोगों का काम पहले हो रहा है। इससे मरीजों में नाराजगी और निराशा देखने को मिली।

मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि पर्ची बनाने के लिए कम से कम दो काउंटर संचालित किए जाएं, ताकि भीड़ कम हो और मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। उनका कहना है कि बीमार व्यक्ति के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना बेहद कठिन होता है।

स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल प्रशासन से व्यवस्था में सुधार करने और सभी मरीजों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की है। यदि पर्ची काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाए तो मरीजों को राहत मिल सकती है।

Share the news