
15 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों को लेकर सोमवार को एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान से संबंधित तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
एडीएम ने बताया कि अगस्त में आयोजित किया जाने वाला राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस वर्षा ऋतु के कारण विलंबित हुआ था। अब इसे 18 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले में बच्चों को एल्बेंडाजोल और विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि एक से पांच वर्ष आयु वर्ग के 24,171 बच्चों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से एल्बेंडाजोल और विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी। वहीं छह से 19 वर्ष आयु वर्ग के 47,300 बच्चों तथा निजी स्कूलों के 28,481 बच्चों को स्कूलों में शिक्षा विभाग द्वारा नियुक्त नोडल अध्यापकों के माध्यम से एल्बेंडाजोल और विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी।
इसके अलावा स्कूल में दाखिला नहीं लेने वाले छह से नौ वर्ष के 144 बच्चों तथा 10 से 19 वर्ष के 1,521 बच्चों को भी अभियान के तहत दवा दी जाएगी। झुग्गी-झोपड़ियों और प्रवासी मजदूरों के बच्चों को भी इस अभियान में शामिल किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र बच्चा दवा से वंचित न रहे।
एक भी बच्चा दवा से न रहे वंचित
एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान एक भी बच्चा बिना दवा के नहीं छूटना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा, ताकि सभी लक्षित बच्चों तक अभियान का लाभ पहुंचाया जा सके।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्कूलों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों में स्थापित पेयजल टंकियों की समय-समय पर की जाने वाली सफाई की रिपोर्ट भी प्राप्त करना सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उषा, जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस कुंदन लाल सहित शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





