रोटरी क्लब कुल्लू ने पीएम श्री भुट्ठी स्कूल के एनएसएस विद्यार्थियों के साथ सुमा विहाल में किया पौधरोपण

31 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

रोटरी क्लब कुल्लू ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल करते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लग वैली क्षेत्र के सुमा विहाल में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान पीएम श्री स्कूल भुट्ठी के एनएसएस विद्यार्थियों और रोटरी क्लब के सदस्यों ने मिलकर करीब 135 से 150 पौधे लगाए। इनमें दियार, बान और मलूक प्रजाति के पौधे शामिल रहे।

रोटरी क्लब कुल्लू के अध्यक्ष रोटेरियन राजीव सिंह ने कहा कि क्लब पिछले कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है।

उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से इस कार्यक्रम में एनएसएस विद्यार्थियों को शामिल किया गया, ताकि पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल भी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग के लिए पीएम श्री स्कूल भुट्ठी के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह चौहान, अध्यापकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब कुल्लू के संस्थापक सदस्य डॉ. रोटेरियन पीडी लाल, कुल्लू महाविद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. रोटेरियन मनदीप शर्मा, क्लब के महासचिव रोटेरियन आकाश बांगा, युवा रोटेरियन नितिन कपूर तथा एनएसएस के जिला संयोजक बहादुर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इसके अलावा प्रवक्ता राम कृष्ण शर्मा, भूपेन्द्र मेहता और सुरेंद्रा शर्मा ने भी पौधरोपण अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Share the news