
खबर अभी अभी
सोलन
शूलिनी मेला 2026 में “गो सम्मान आह्वान सिग्नेचर कैंपेन” चलाएगी गो रक्षा दल, 4 स्टॉल लगाने की मांगी अनुमति
सोलन।
आगामी शूलिनी मेला 2026 के दौरान गो सेवा एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गो रक्षा दल ने जिला प्रशासन से मेले में चार स्टॉल लगाने की अनुमति मांगी है। इस संबंध में गो रक्षा दल के अध्यक्ष अमित अत्री ने जिला आयुक्त सोलन को एक ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि शूलिनी मेला 26 जून से 28 जून 2026 तक आयोजित होगा। इस अवसर पर संस्था द्वारा “गो सम्मान आह्वान सिग्नेचर कैंपेन” चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से लोगों को गो सेवा, गो संरक्षण एवं समाज में गौवंश के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
संस्था ने कहा कि इस मुहिम के तहत अधिक से अधिक लोगों से हस्ताक्षर करवाकर गो सम्मान और गो संरक्षण के समर्थन में वोटिंग करने की अपील की जाएगी, ताकि इस विषय पर जनसमर्थन को मजबूत किया जा सके।
गो रक्षा दल ने मेले के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर चार स्टॉल लगाने की अनुमति मांगी है। संस्था ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि स्टॉलों के संचालन से मेले की व्यवस्था, यातायात या आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी तथा सभी प्रशासनिक नियमों एवं स्वच्छता मानकों का पूर्ण पालन किया जाएगा।
गो रक्षा दल के अध्यक्ष अमित अत्री ने कहा कि यह अभियान केवल एक हस्ताक्षर अभियान नहीं, बल्कि समाज में गो सेवा और गो संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक प्रयास है। उन्होंने जिला प्रशासन से इस जनहित एवं राष्ट्रहित के कार्य के लिए सहयोग की अपेक्षा जताई है।





