
खबर अभी अभी | शिमला। जिला शिमला में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना संजौली की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक 39 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गाड़ी से करीब 6 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। न्यायालय ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को संजौली पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और नशा तस्करी की रोकथाम के लिए तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अमित चौहान नामक व्यक्ति चंडीगढ़ से चिट्टा लेकर शिमला वापस आ रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र में आरोपी की गाड़ी को रोककर तलाशी ली। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान वाहन से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी अमित चौहान (39 वर्ष), निवासी लोअर समिट्री, शिमला को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन का पुलिस हिरासत रिमांड मिला है।
इस मामले में पुलिस थाना संजौली में अभियोग संख्या 85/2026, दिनांक 17 नवंबर 2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 21 में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस नशे की सप्लाई से जुड़ी संभावित कड़ियों और मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
शिमला पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






