
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
17 मई 2023
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुना करने के लिए महत्वाकांक्षी योजना ‘हिम उन्नति’ शुरू की है। योजना के तहत प्रदेश में एकीकृत एवं समग्र कृषि गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। प्रदेशभर में 2603 क्लस्टर बनाए जाएंगे। वर्तमान में प्रदेश में 889 क्लस्टर चिह्नित किए गए हैं। प्रथम चरण में इस वर्ष 286 क्लस्टर में कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को ‘चलो गांव की ओर’ नीति अपनाने और फील्ड में जाकर किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए कहा।
मंत्री ने पोषक अनाज के महत्व पर कहा कि सरकार ने विभिन्न घटकों को शामिल करते हुए विस्तृत कार्य योजना बनाई है। परंपरागत कृषि विकास योजना, आतमा, भारतीय प्राकृतिक किसान पद्धति और राष्ट्रीय सत्त खेती मिशन के तहत संगठित किसान समूहों को योजना में शामिल किया जाएगा। राज्य में पोषक अनाज उगाने के लिए तकनीक का उपयोग कर लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रदेश में जलवायु अनुकूल पोषक अनाजों की जिलेवार पहचान कर इनका स्थानीय तथा वैज्ञानिक डाटाबेस भी तैयार किया जाएगा।
कहा कि सरकार पशुपालकों के पशुधन की देखरेख के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। इस दिशा में शीघ्र मोबाइल वेटरनेरी यूनिट लांच की जाएगी। इसके सुचारू क्रियान्वयन के लिए कॉल सेंटर भी स्थापित किया गया है। पशुपालकों को एक फोन कॉल के माध्यम से उनके घरद्वार के निकट दवाई एवं लैब जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मंत्री ने कृषि आधारित प्रचार-प्रसार सामग्री का विमोचन भी किया। बैठक में विभिन्न कृषि गतिविधियों तथा हिमगंगा योजना पर प्रस्तुति दी गई।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





