सामूहिक एकता में विश्वास ही संघ का मंत्र है, इसे दोहराना ही नहीं, बल्कि अपने जीवन में उतारना भी है : मोहन भागवत

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

15 जून 2023

Rashtriya Swayamsevak Sangh chief mohan bhagwat visit Una Hamirpur Himachal Pradesh

राष्ट्रीय स्वयंसेवक के सरसंघचालक मोहन भागवत ने बुधवार को कहा कि सामूहिक एकता में विश्वास ही संघ का मंत्र है, इसे दोहराना ही नहीं, बल्कि अपने जीवन में उतारना भी है। मोहन भागवत ने पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हमीरपुर के गलोड़ के टिप्पर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रशिक्षण में शिरकत की। वह तीन दिवसीय प्रवास पर हैं।

बुधवार को उन्होंने शिक्षार्थियों से परिचय और संवाद किया। प्रशिक्षण वर्ग में बताया गया कि संघ की प्रार्थना को जीवन में उतारना, संघ मार्ग पर चलना, चिंतन और मनन करना है। इस दौरे के दौरान वह द्वितीय वर्ष के शिक्षार्थियों से बौद्धिक वर्ग में बातचीत करेंगे और संघ की बैठकों में भाग लेंगे। पांच राज्यों के 259 शिक्षार्थी 25 जून तक द्वितीय वर्ष का प्रशिक्षण ले रहे हैं। इन दिनों यहां उत्तर क्षेत्र संघ शिक्षा के द्वितीय वर्ष का प्रशिक्षण चल रहा है।

भागवत को विशेष श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध है। वहीं तीन दिवसीय दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा में हमीरपुर पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं। 24 जून शाम 5:30 बजे प्रशिक्षण वर्ग का विशेष प्रदर्शन कार्यक्रम होगा और 25 जून को दीक्षांत समारोह होगा। मोहन भागवत इस वर्ग के दौरान भारत का इतिहास, संघ का इतिहास और संस्थापकों का जीवन, संघ की कार्यपद्धति के बारे में शिक्षार्थियों से व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से संवाद करेंगे।

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत बुधवार सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से ऊना पहुंचे। रेलवे स्टेशन में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रही। रेलवे स्टेशन में चाय-पान के बाद निजी वाहन से हमीरपुर रवाना हुए। ऊना रेलवे स्टेशन में कुछ कार्यकर्ताओं से चंद मिनट के लिए रूबरू हुए। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं का हालचाल पूछा। उनके ऊना पहुंचने से पहले कमांडो और स्थानीय पुलिस मौजूद रही। आगमन से पूर्व जांच पड़ताल हुई। रेलवे स्टेशन के बाहर पार्किंग स्थल को भी खाली करवाया गया।

टैक्सी और ऑटो को शव गृह के पास खड़े करवाया गया था। केवल यात्रियों को ही रेलवे स्टेशन में आने-जाने की अनुमति रही। इस मौके प्रांत कार्यवाह किस्मत कुमार, क्षेत्रीय प्रचारक बनवीर, जिला संघ चालक डा. हेमराज, जिला कार्यवाह सूरज, सुभाष, शिवनाथ, राजन, सचिन, राकेश सूद और अन्य मौजूद रहे। उधर, डीएसपी मुख्यालय अजय ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने एस्कॉर्ट करते वीआईपी अतिथि को हमीरपुर जिला सीमा तक पहुंचाया है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news