
सोलन नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड नंबर-3 इस समय सबसे चर्चित वार्ड बन गया है। हाईकोर्ट के फैसले के बाद पीयूष गर्ग अब चुनाव मैदान में उतर सकेंगे। इससे पहले स्क्रूटनी के दौरान उनका नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया था। उन पर सरकारी संपत्ति पर अतिक्रमण का आरोप लगाया गया था।
पीयूष गर्ग ने इसके बाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जहां से उन्हें बड़ी राहत मिली। अदालत ने उन्हें चुनाव लड़ने की अनुमति दे दी है।
फैसले के बाद वार्ड नंबर-3 के राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। समर्थकों में उत्साह है, जबकि विरोधी खेमे नई रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
इस वार्ड से कांग्रेस के सरदार सिंह ठाकुर मैदान में हैं, जबकि भाजपा से बागी होकर गौरव राजपूत निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं युवा नेता विपिन बक्शी भी पहली बार चुनावी रण में उतरे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पीयूष गर्ग की एंट्री से मुकाबला अब और ज्यादा कड़ा और दिलचस्प हो गया है। आने वाले दिनों में वार्ड नंबर-3 में चुनावी सरगर्मियां और तेज होने की संभावना है।





