सोलन में डॉ. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती पर श्रद्धांजलि, रक्तदान शिविर सहित कई कार्यक्रम आयोजित

4/8/2026
सोलन
खबर अभी अभी

हिमाचल निर्माता एवं प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री स्वर्गीय डॉ. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती के अवसर पर सोलन के चिल्ड्रन पार्क स्थित उनकी प्रतिमा पर सिरमौर कल्याण मंच की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में नगर निगम सोलन की महापौर सुषमा शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।

इस दौरान सिरमौर कल्याण मंच के पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा शहर के गणमान्य लोगों ने डॉ. परमार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके हिमाचल प्रदेश के निर्माण और विकास में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

सिरमौर कल्याण मंच के अध्यक्ष प्रदीप ममगई ने कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार का संपूर्ण जीवन प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि जयंती के उपलक्ष्य में पूरे दिन रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार के आदर्शों और उनके बताए मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

नगर निगम सोलन की महापौर सुषमा शर्मा ने कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार युगपुरुष थे और हिमाचल प्रदेश को अलग पहचान दिलाने में उनकी भूमिका अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास की जो मजबूत नींव डॉ. परमार ने रखी, उसी का परिणाम है कि आज हिमाचल देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बनाए हुए है। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने डॉ. परमार के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया।

Share the news