सोलन में भाजपा की आक्रोश रैली, प्रदेश सरकार पर कर्ज और विकास ठप होने के आरोप सब-हेडिंग

रतीय जनता पार्टी, सोलन विधानसभा द्वारा आज एक विशाल आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। यह रैली पुराने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से शुरू होकर पुराने डीसी ऑफिस तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

रैली के दौरान वक्ताओं ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भारी-भरकम कर्ज लेने के बावजूद पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं और हजारों संस्थानों को बंद कर दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार द्वारा लिया गया कर्ज आखिर कहां खर्च किया जा रहा है।

वक्ताओं के अनुसार, केंद्र सरकार ने पिछले तीन वर्षों में हिमाचल प्रदेश को ₹44,519 करोड़ की सहायता प्रदान की, जबकि वर्तमान प्रदेश सरकार ने ₹35,555 करोड़ से ₹41,173 करोड़ तक का कर्ज लिया है। इसके चलते प्रदेश की कुल देनदारी ₹1 लाख करोड़ से अधिक हो चुकी है।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मि दर्शन, पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप, सोलन शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत शर्मा, कंडाघाट मंडल अध्यक्ष मदन ठाकुर, भाजपा पूर्व प्रत्याशी डॉ. राजेश कश्यप, डिप्टी मेयर मीरा आनंद सहित कई नेताओं ने रैली को संबोधित किया।

शैलेंद्र गुप्ता ने शहर में पानी की समस्या उठाते हुए कहा कि अंजी, देओघाट, सपरून और आसपास के क्षेत्रों में 20-25 दिनों तक पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर जल व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो जल शक्ति विभाग के कार्यालय के बाहर बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

डॉ. राजेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने सभी मोर्चों पर विफल रही है और 10 गारंटियों को पूरा नहीं कर पाई है। वहीं वीरेंद्र कश्यप ने आरोप लगाया कि सरकार किसी भी वर्ग को संतुष्ट करने में सफल नहीं हुई है और प्रदेश को गंभीर वित्तीय संकट में डाल दिया है।

नेताओं ने कहा कि यदि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता नहीं दी गई, तो पार्टी भविष्य में और अधिक उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।

Share the news