
10 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

जिला कुल्लू पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक वाहन चालक को काबू किया है। पुलिस ने वाहन की तलाशी के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के ले जाई जा रही 20 पेटियां देशी शराब बरामद की हैं। बरामद शराब में कुल 240 बोतलें शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार 9 सितंबर 2026 को डिटेक्शन सेल कुल्लू की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक वाहन के माध्यम से अवैध रूप से शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मतारना (तलोगी) में नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से देशी शराब मार्का संतरा की 20 पेटियां यानी 240 बोतलें बरामद हुईं। शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज चालक के पास नहीं पाए गए।
इस मामले में पुलिस थाना कुल्लू में 25 वर्षीय वाहन चालक, निवासी गांव उस्ली धार, डाकघर बंदरोल, तहसील एवं जिला कुल्लू के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शराब के स्रोत और गंतव्य की जांच
पुलिस ने बरामद शराब के स्रोत और गंतव्य की जांच शुरू कर दी है। साथ ही इस अवैध परिवहन में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
कुल्लू पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के परिवहन और कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
खबर अभी अभी | कुल्लू





