
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
15 अगस्त 2023

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश राजभवन को आम जनता के लिए लोकार्पित किया। लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल भी इस अवसर पर उपस्थित थीं। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश राजभवन शनिवार और रविवार के दिन दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि बार्नस कोर्ट, जो अब राजभवन है 1832 में बना ब्रिटिशकाल का धरोहर भवन है। इसके निर्माण में भारतीय दक्ष शिल्पियों का महत्वपूर्ण योगदान है। यह भवन अनेक ऐतिहासिक घटनाओं का साक्षी रहा है, इसलिए भी इसका विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि यह धरोहर भवन समारोहों तक ही सीमित न रहे, इसलिए उनकी यह कोशिश है कि इसे ‘अमृत-काल’ में आम जनता के लिए भी खोला जाए ताकि वे भी इस धरोहर भवन का अवलोकन कर सकें और अपने इतिहास की जानकारी ले सकें। राज्य के स्कूली विद्यार्थियों व 10 वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों के लिए राजभवन में प्रवेश निशुल्क होगा। इसके लिए उन्हें अपना वैध परिचय पत्र प्रवेश के साथ दिखाना होगा।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





