ऊना की त्रैमासिक बैठक में एनएच पर स्पीड ब्रेकर हटाने और बिजली मीटर न लगने का मामला गूंजा

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

16 जून 2023

जिला परिषद ऊना की त्रैमासिक बैठक में होशियारपुर और चिंतपूर्णी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर लगाए स्पीड ब्रेकर हटाने, बिजली मीटर न लगने और खराब सड़कों का मामला खूब गूंजा। जिप सदस्यों ने घालूवाल से होशियारपुर सड़क और चिंतपूर्णी सड़क पर लगाए गए स्पीड ब्रेकरों को हटाने की बात कही। जिला परिषद सभागार में जिप अध्यक्ष नीलम कुमारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में कार्यकारी उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर भी उपस्थित रहे।

बैठक में जिला परिषद सदस्यों ने कहा कि स्पीड ब्रेकरों की वजह से आए दिन कोई न कोई दुर्घटना देखने को मिलती है। उन्होंने इस समस्या का उपयुक्त समाधान करने का आग्रह किया। इस दौरान जिप सदस्य ने बिजली के मीटर समय पर न लगने के बारे में मुद्दा उठाया। इस पर बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि बिजली स्मार्ट मीटर की प्रक्रिया चल रही है। इसके अतिरिक्त जिप सदस्यों ने सड़कों पर आवारा घूम रहे गोवंश को आश्रय देने का मुद्दा उठाया। इस पर एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर ने कहा कि जिला में कार्यरत सभी गोशालाओं के संचालक आपस में बैठक करें और आवश्यक निर्णय लें ताकि आवारा घूम रहे गोवंश को उपयुक्त आश्रय मिल सके।

इसके अलावा जिप सदस्य सुशील कालिया ने दौलतपुर-सुकाली-भद्रकाली सड़क का कार्य न हाेने और पिरथीपुर फकुटी सड़क पक्की करने का मामला उठाया। उन्होंने क्षेत्र के कई ट्यूबवेल के वितरण प्रणाली चरमराने का भी मामला उठाया और इसे दुरूस्त करने की मांग उठाई ताकि सही तरीके से अधिक भूमि की सिंचाई हो।
इसके अतिरिक्त बीते बैठक की कार्यवाही की समीक्षा, आय-व्यय का अनुमोदन, 15वें वित्त आयोग के अनुमोदित कार्यों को बदलने, जिला पंचायत विकास योजना की तैयारी जिला पंचायत योजना समिति और क्षेत्रीय कार्य समूहों के गठन के बारे में चर्चा की गई। इसके अलावा 15वें वित्त आयोग स्वास्थ्य सेवा केंद्रों के निर्माण के लिए अनुदान के उपयोग, जिला परिषद की ओर से स्वीकृत राशि को ग्राम पंचायतों द्वारा खर्च किए जाने के बारे में विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान जिला परिषद के वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 1060.16 लाख रुपये और मनरेगा के वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 32675.24 लाख रुपये का वार्षिक बजट अनुमोदित किया गया।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news