एनएच-305 की बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी

2 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। जिले के आनी उपमंडल में मंगलवार को हुई भारी बारिश के कारण जलोड़ी जोत के साथ लगते क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-305 चार स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने से अवरुद्ध हो गया था। इसके बाद सड़क बहाली का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।

भारी बारिश के कारण बिंद्रा बणी, फाडेलनाला, सराली तथा कोटनाला के समीप खानाग नाला में सड़क मार्ग बाधित हुआ। एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि बारिश से सड़क को काफी नुकसान पहुंचा है और चार स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ।

उन्होंने बताया कि सड़क बहाली के लिए पर्याप्त मशीनरी और श्रमिकों को मौके पर तैनात किया गया है। बिंद्रा बणी और फाडेलनाला में सड़क मार्ग बहाल कर दिया गया है, जबकि सराली में सड़क खोलने का कार्य तेजी से जारी है।

वहीं, कोटनाला के समीप खानाग नाला में सड़क पर आए मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीन और श्रमिकों को तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से शेष प्रभावित स्थानों पर भी बहाली कार्य तेजी से करवाया जा रहा है।

एडीएम ने कहा कि सड़क को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने के प्रयास जारी हैं। संबंधित विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

खबर अभी अभी | कुल्लू

Share the news