
खबर अभी अभी
कांगड़ा।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के संसारपुर टैरेस औद्योगिक क्षेत्र स्थित जसर पेपर मिल प्राइवेट लिमिटेड में शनिवार को एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे में कर्मचारी की मौत हो गई। पेपर रोलिंग मशीन में हाथ फंसने से कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कीर्ति सिंह (50) पुत्र कोतवाल सिंह, निवासी गांव कंदेरी, जिला चमोली (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे डीएसपी डाडा सीबा राज कुमार तथा पुलिस थाना संसारपुर टैरेस के प्रभारी संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
डीएसपी राज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जसर पेपर मिल में कार्य के दौरान पेपर रोलिंग मशीन में कागज फंस गया था। कागज निकालने के प्रयास में कर्मचारी का हाथ मशीन में फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कर्मचारी को तुरंत उपचार के लिए बीबीएमबी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सभी पहलुओं की गहन जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





