
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
20 जून 2023
कांगडा के नगर परिषद में गृह कर में बढ़ोतरी को लेकर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। सोमवार को दर्जनों लोग नए हाउस टैक्स के थमाए गए नोटिसों को लेकर नगर परिषद कार्यालय के बाहर पहुंच गए। इस दौरा टैक्स कम करने को लेकर नारेबाजी भी की गई।
इस दौरान शहरवासियों ने कहा कि न के बराबर सुविधाएं देने वाली परिषद को वे इतना टैक्स नहीं देंगे और बेहतर है कि उन्हें पंचायत में शामिल कर दिया जाए। गुस्साए लोगों का कहना था कि वे जल्द ही सरकार और जिलाधीश से मांग करेंगे कि उनके क्षेत्र को पंचायत में शामिल कर दें ताकि पंचायतों में मिलने वाली सुविधाओं को तो वे प्राप्त कर सकें।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि न तो नगर परिषद के नुमाइंदे न उनकी सुनते हैं और न ही नगर परिषद के कर्मचारी। गलियों में सफाई, लाइट जैसी सुविधाएं बोल-बोल कर मांगी जाती हैं। ऐसे में हज़ारों रुपये का टैक्स उन पर किस आधार पर थोपा जा रहा है। नगर परिषद की मनमर्ज़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उधर, पार्षद और पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अशोक शर्मा ने कहा कि वास्तव में यह टैक्स ज़्यादा है। जल्द ही लोगों के साथ बैठक कर सरकार और विभाग से टैक्स कम करने की मांग की जाएगा। जल्द ही नगर परिषद अध्यक्ष रेणू शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली बैठक में इस मसले को रख समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





