कांग्रेस की बैठक में मिशन 2027 का मंथन, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर

9 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू: लोक निर्माण विभाग के परिधि गृह कुल्लू में बुधवार को कुल्लू ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोपाल सिंह ठाकुर ने की। कुल्लू सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सेस राम आजाद विशेष रूप से बैठक में मौजूद रहे। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक का मुख्य फोकस ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना पर रहा। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल सिंह ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि योजना के तहत कोई भी पात्र परिवार लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपनी गारंटियों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है और पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने के लिए सक्रियता से काम करने का आग्रह किया।

बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सेस राम आजाद ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों के हितों को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए काम किया है।

कुल्लू सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की ताकत बताते हुए कहा कि ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए बूथ स्तर तक अभियान चलाने की जरूरत है। उन्होंने पार्टी विचारधारा से जुड़े पंचायत प्रधानों और बीडीसी प्रतिनिधियों से भी अपनी-अपनी पंचायतों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं, लेकिन संगठन में सक्रियता और सौंपी गई जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करने का आग्रह किया।

विकास कार्यों को और गति देने का दावा

विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने अपने कार्यकाल के दौरान कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में शुरू हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कुल्लू में कई ऐसे काम शुरू हुए हैं, जिनके बारे में पहले केवल कल्पना या चर्चा होती थी। उन्होंने रशोल सड़क के काम की शुरुआत को इसका उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की अन्य सड़कों पर भी विकास कार्य शुरू हो चुके हैं और आने वाले समय में इन कार्यों को और गति दी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने की अपील भी की।

बैठक में बरशैणी वार्ड के जिला परिषद सदस्य प्रवीण ठाकुर, पंचायत समिति भुंतर अध्यक्ष रामप्रसाद, पंचायत समिति कुल्लू उपाध्यक्ष सुंदर, जिला कांग्रेस महासचिव एवं मीडिया प्रभारी संजय गुप्ता, पार्षद कुब्जा ठाकुर, जीवनकला सहित नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान, पंचायत समिति सदस्य और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share the news