कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 10 अगस्त को मनाली में गरजेगी भाजपा: गोविंद सिंह ठाकुर मनाली और नग्गर मंडल की संयुक्त बैठक में बनी जनआंदोलन की रणनीति; पूर्व मंत्री बोले- ‘विकास कार्य ठप, सड़कें बदहाल’

6/8/2026
मनाली
खबर अभी अभी

हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, ठप पड़े विकास कार्यों और जनता की अनदेखी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। इसी कड़ी में आगामी 10 अगस्त को मनाली में आयोजित होने वाले विशाल जनआंदोलन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को भाजपा मनाली एवं नग्गर मंडल की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने की।

बैठक में आंदोलन की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से मंथन किया गया।

विकास के नाम पर केवल घोषणाएं: गोविंद सिंह ठाकुर
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनाली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं, जबकि स्थानीय विधायक केवल पिछली भाजपा सरकार द्वारा स्वीकृत योजनाओं का श्रेय लेने का काम कर रहे हैं। जनता को धरातल पर काम नहीं, बल्कि केवल खोखले आश्वासन मिले हैं।

लेफ्ट बैंक सड़क उपेक्षित, जनता बेहाल
पर्यटन और सड़कों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि पर्यटन सीजन शुरू होने के बावजूद क्षेत्र की मुख्य सड़कों की हालत दयनीय है। विशेष रूप से लेफ्ट बैंक सड़क पिछले चार वर्षों से बदहाल पड़ी है, लेकिन सरकार और जनप्रतिनिधियों ने इसकी सुध नहीं ली। इसका खामियाजा स्थानीय निवासियों, किसानों, कारोबारियों और रोजाना आने वाले हजारों पर्यटकों को भुगतना पड़ रहा है।

10 अगस्त के आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान
गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में समस्याएं सुलझने के बजाय और बढ़ गई हैं, जिससे परेशान होकर अब जनता स्वयं सड़कों पर उतरने को मजबूर है। उन्होंने मनाली क्षेत्र के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा तथा आम नागरिकों से अपील की कि वे 10 अगस्त को मनाली में आयोजित होने वाले जनआंदोलन में भारी संख्या में पहुंचकर सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें।

Share the news