कुल्लू के नए एसपी अभिषेक सेकर ने संभाला कार्यभार, बोले- पर्यटकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था होगी सर्वोच्च प्राथमिकता यातायात प्रबंधन को और बेहतर बनाने का भरोसा, लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील

7/8/2026
कुल्लू
खबर अभी अभी

जिला कुल्लू के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक सेकर (आईपीएस, 2019 बैच) ने कार्यभार संभालने के बाद शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि कुल्लू प्रदेश का प्रमुख पर्यटन जिला है, इसलिए पर्यटकों की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

एसपी अभिषेक सेकर ने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि जिला पुलिस पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगी। अपराध नियंत्रण, आम जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए हर स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

नवनियुक्त एसपी ने लोगों से पुलिस का सहयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है।

Share the news