कुल्लू जिला परिषद: ज्येष्ठ वार्ड से नवनिर्वाचित सदस्य विभा सिंह ने ली शपथ

खबर अभी अभी
कुल्लू,
जिला परिषद कुल्लू के ज्येष्ठ वार्ड से नवनिर्वाचित सदस्य विभा सिंह ने आज उपायुक्त कार्यालय कुल्लू में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।

डीसी कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने विभा सिंह को विधिवत शपथ दिलाई। इस मौके पर जिला परिषद के अधिकारी, पंचायती राज विभाग के प्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। शपथ के बाद डीसी शर्मा ने विभा सिंह को बधाई दी और वार्ड के विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
शपथ लेने के बाद विभा सिंह ने कहा,
“जिला परिषद ज्येष्ठ वार्ड सहित बंजार विधानसभा क्षेत्र की समस्त जनता का मैं दिल से आभार व्यक्त करती हूँ। आपने जो विश्वास और सहयोग दिया है, उसी की बदौलत मुझे जनता की सेवा का यह अवसर मिला है।”
उन्होंने आगे कहा कि वार्ड में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और महिला सशक्तिकरण उनकी प्राथमिकताओं में रहेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को जिला स्तर पर मजबूती से उठाना और समाधान तक पहुंचाना उनका संकल्प है।
ज्येष्ठ वार्ड बंजार विधानसभा क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नवनिर्वाचित सदस्य के रूप में विभा सिंह विकास कार्यों में तेजी लाएंगी और पंचायती राज व्यवस्था को और मजबूत करेंगी।

डीसी अनुराग चंद्र शर्मा ने भी उम्मीद जताई कि जिला परिषद के सभी नवनिर्वाचित सदस्य समन्वय के साथ काम करेंगे, ताकि कुल्लू जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे।

Share the news