
खबर अभी अभी
कुल्लू ,
जिला कुल्लू से एक बड़ी खबर सामने आई है। आबकारी एवं कराधान विभाग ने जिले के सभी शराब ठेकों पर तालाबंदी कर दी है। बताया जा रहा है कि ठेकों का संचालन कर रही तेलंगाना की एक कंपनी द्वारा निर्धारित समय पर सरकारी देय राशि जमा नहीं करवाई गई, जिसके चलते विभाग को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार कंपनी पर विभाग का करोड़ों रुपये का बकाया भुगतान लंबित बताया जा रहा है। कई बार नोटिस और भुगतान संबंधी निर्देश जारी किए जाने के बावजूद समय पर राशि जमा नहीं होने पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए जिले के सभी शराब ठेकों को बंद करवा दिया। विभागीय अधिकारियों की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर ठेकों पर तालाबंदी की प्रक्रिया को अंजाम दिया।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। शराब ठेके बंद होने से जहां उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, वहीं इससे संबंधित कारोबार और राजस्व पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। कई क्षेत्रों में लोगों को ठेके बंद मिलने के कारण वापस लौटना पड़ा।
विभागीय सूत्रों के अनुसार जब तक संबंधित कंपनी बकाया राशि जमा नहीं करवाती, तब तक ठेकों के संचालन को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। वहीं प्रशासन भी मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और आगे की कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।
इस कार्रवाई के बाद अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कंपनी कब तक बकाया भुगतान करती है और जिले में शराब ठेकों का संचालन दोबारा कब शुरू होता है। फिलहाल आबकारी विभाग की इस बड़ी कार्रवाई की पूरे जिले में चर्चा बनी हुई है।





