
16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस ने नशे की सप्लाई चेन की कड़ियां जोड़ते हुए एक अन्य आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9.31 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को पुलिस थाना सदर शिमला में अभियोग संख्या 119/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में कृष्णानगर, शिमला निवासी सनमजीत (25) और सुमित सपरा (22) को गिरफ्तार किया गया था। दोनों के कब्जे से कुल 5 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की और नशे की सप्लाई के बैकवर्ड लिंकेज की जांच शुरू की। जांच में गौरव तिशावर (31), निवासी मनीमाजरा, चंडीगढ़ की कथित संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे मनीमाजरा, चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक सहकारी बैंक में कार्यरत है। जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, वह नौकरी के अतिरिक्त कथित तौर पर मादक पदार्थों की बिक्री से आर्थिक लाभ अर्जित करता था। पुलिस ने आरोपी के मनीमाजरा स्थित आवास से 9.31 ग्राम अतिरिक्त हेरोइन/चिट्टा बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है और नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य संपर्कों तथा नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
2026 में अब तक 77 मुख्य सप्लायर्स गिरफ्तार
शिमला पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 77 मुख्य सप्लायर्स को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 58 अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को डिस्मेंटल किया गया है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में 8 सप्लायर्स और 4 नेटवर्क तथा वर्ष 2024 में 12 सप्लायर्स और 3 नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।





