
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
12 जून 2023
वीकेंड पर होटल और पर्यटन कारोबार को पंख लग गए हैं। पंजाब, हरियाणा समेत अन्य राज्यों में गर्मियों की छुट्टियां होने से पर्यटक स्थलों में सैलानियों की काफी आवाजाही देखी जा रही है। रविवार को कसौली, चायल, बड़ोग के सभी होटल सौ फीसदी पैक रहे हैं। वहीं चायल में कमरे न मिलने से कई पर्यटकों ने कंडाघाट, शिमला का रुख किया है। रविवार को भी कालका-शिमला एनएच से सटे छोटे-बड़े होटलों में पर्यटकों की काफी संख्या देखी गई। इसके अलावा चायल के साथ लगते साधुपुल के समीप भी काफी संख्या में पर्यटक मौज-मस्ती करते दिखाई दिए। कालका-शिमला एनएच पर भी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। इस कारण परवाणू प्रवेश द्वार पर बीच-बीच में जाम की समस्या बनती रही।
चायल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा ने कहा कि पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से कारोबारियों ने राहत की सांस ली है। चायल के होटल ऑनलाइन ही एडवांस में बुक हो गए थे। कई पर्यटक चायल आए लेकिन उन्हें कमरे नहीं मिल पाए हैं। इसके बाद इन पर्यटकों ने शिमला और कंडाघाट के होटलों में बुकिंग करवाई है। इस वीकेंड पर अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक आवाजाही है। इससे होटल कारोबार में उछाल आ गया है। वहीं कसौली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार सिंगला ने बताया कि 100 फीसदी होटल पैक हो गए हैं। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से अब होटल कारोबारियों को राहत मिली है। यदि कुछ समय के लिए पर्यटक ऐसे ही आते हैं तो अच्छा कारोबार होने की भी उम्मीद है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





