ठेके को हटाने के बजाय आंगनबाड़ी केंद्र को ही किया जा रहा शिफ्ट

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

9 जून 2023

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में आंगनबाड़ी केंद्र के पास चल रहे शराब ठेके का विरोध हुआ तो ठेके को हटाने के बजाय उल्टा आंगनबाड़ी केंद्र को ही शिफ्ट किया जा रहा है। यह मामला बिलासपुर जिले के विकास खंड झंडूता की बड़गांव पंचायत का है। ग्रामीणों का आरोप है कि आंगनबाड़ी केंद्र के 20 मीटर दायरे में नियमों के ताक पर रखकर शराब ठेका चलाया जा रहा है। बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय झंडूता की ओर से यह आंगनबाड़ी केंद्र सितंबर 2016 से चलाया जा रहा है।

साल 2019 में नियमों को ताक पर रखकर केंद्र के पास ही शराब की दुकान खोल दी गई। इसका विरोध भी किया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि बीते 23 मई को पंचायत ने आबकारी एवं कराधान विभाग को भी आंगनबाड़ी केंद्र के पास शराब ठेका होने की बात बताई थी। साथ ही विभाग से कार्रवाई की मांग भी की थी। वहीं, एक जून को आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले बच्चों के अभिभावकों की बैठक में भी शराब के ठेके का स्थान बदलने का प्रस्ताव पारित किया गया था।

Wah re govt... Liquor theka was not shifted on protest, on the contrary changed the Anganwadi center

बाल विकास परियोजना अधिकारी झंडूता ने भी 3 मई को पत्र संख्या 1-13/2006-07 के तहत आबकारी एवं कराधान विभाग घुमारवीं से आंगनबाड़ी केंद्र के पास से ठेका हटाने को कहा था। विभाग ने जब कोई कार्रवाई नहीं की तो बाल विकास परियोजना अधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र का स्थान ही बदलने का निर्णय किया। बताया जा रहा है कि राजनीतिक दबाव के चलते यह करना पड़ा है।

जिला परियोजना अधिकारी हरीश मिश्रा ने बताया कि खबर के माध्यम से इस बारे में जानकारी मिली थी। आंगनबाड़ी केंद्र या किसी भी शिक्षण संस्थान के नजदीक शराब का ठेका नहीं होना चाहिए। आंगनबाड़ी केंद्र अगर उस स्थान पर ठेके से पहले का है तो केंद्र को वहां से नहीं उठाया जा सकता। अगर इस तरह का विभाग की तरफ से कोई प्रपत्र निकला गया है तो इसके बारे में बाल विकास परियोजना अधिकारी झंडूता से जानकारी हासिल की जाएगी। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

उधर, झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने कहा आंगनबाड़ी केंद्र को शिफ्ट नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने पहले भी ईटीओ से शराब ठेके को शिफ्ट करने की बात कही थी। वह अभी बाहर हैं। वापस आने पर इस बारे में उचित कदम उठाएंगे।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news