दिन दिहाड़े एक महिला के घर से सोने-चांदी के गहने सहित 10 हजार की नकदी चुरा ले गए चोर

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

16 जून 2023

शिमला राजधानी में चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं। शातिर दिन दिहाड़े एक महिला के घर से सोने-चांदी के गहने सहित 10 हजार की नकदी चुरा ले गए। चोरी हुए आभूषणों की कीमत तीन लाख आंकी जा रही है। पीड़ित महिला की शिकायत पर छोटा शिमला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाली रही है। छोटा शिमला थाना के तहत कसुम्पटी क्षेत्र में गोयल अपार्टमेंट में चोरी की वारदात को शातिर ने अंजाम दिया। शिकायतकर्ता शशि बाला सरकारी विभाग में नौकरी करती हैं। पुलिस के मुताबिक घर पर कोई नहीं था। वह कार्यालय गई थीं। दोपहर को जब कार्यालय से लंच करने के लिए घर आईं तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील नेगी ने बताया कि मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।

23 जनवरी को शातिरों ने बेनमोर वार्ड में रूकविला कोटी में एक उद्योगपति संजय राय के मकान में सेंधमारी कर करीब पांच लाख रुपये का कीमती सामान उड़ा लिया था। मार्च में समिट्री गेट के समीप भी दिनदहाड़े एक भवन में चोरी हुई थी। पत्नी बच्चों को लेने के लिए स्कूल गई थी। वापस आई तो 1.50 लाख के सोने के आभूषण चोरी हो चुके थे। 28 मार्च को समिट्री में शातिर एक महिला प्रोफेसर के घर से करीब चार से पांच लाख के सोने के आभूषण उड़ा ले गए थे। इससे पहले, जाखू क्षेत्र में एक चिकित्सक और नवबहार क्षेत्र में भी घरों में चोरियों हुई हैं। 16 और 13 अप्रैल को भी छोटा शिमला में दो घरों के ताले तोड़ेकर नल, पाइप, आई-पैड, प्रेशर कुकर, गीजर, बर्नर गैस चूल्हा, गीजर, चांदी की तलवार सहित 10 हजार की नकदी उड़ा ले गए थे। पीड़ित उषा और हरि प्रिया ठाकुर ने इसकी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। 14 मई को ढली में एक मीट शॉप की दुकान से शातिर 22 हजार की नकदी उड़ा ले गए थे। पुलिस इन मामले की जांच करने में जुटी है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news