दुनंग कंडे में पहाड़ी दरकने से दो की मौत, आनी में तीन लोगों के शव बरामद

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

17 अगस्त 2023

rampur news, kinnaur news, aani, five death,

रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर के कल्पा खंड के तहत पांगी गांव के दुनंग कंडे (काशंग नाला) में मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे पहाड़ी दरक गई। इस दौरान भारी भरकम चट्टानों की चपेट में आने से दो व्यक्तियों ने मौके पर ही दम तोड़ा। वहीं आनी में भूस्खलन पोखरी पंचायत के रगेली गांव में भूस्खलन की चपेट में आने के बाद लापता तीन लोगों के शव घर से करीब दस किलोमीटर दूर बरामद किए गए हैं।

जिला किन्नौर के कल्पा खंड के तहत पांगी गांव के दुनंग कंडे में हुए हादसे में बुधवार को पोस्टमार्टम कर शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतकों की पहचान हरीश कुमार नेगी (59) पुत्र देवा धन, निवासी पांगी तहसील कल्पा, जिला किन्नौर और पार्वती देवी (54) पत्नी सोहन सिं निवासी पांगी, जिला किन्नौर के रूप में हुई है। घटना की सूचना पंचायत प्रधान पांगी संजीव कुमार नेगी ने चौकी पांगी और पुलिस थाना रिकांगपिओ को दी। सूचना मिलते ही पुलिस थाना रिकांगपिओ से थाना प्रभारी जनेश्वर ठाकुर, चौकी प्रभारी पांगी राकेश कुमार, क्यूआरटी किन्नौर की टीम का 17 सदस्यीय दल ने ग्रामीणों की मदद से मृतकों का रेस्क्यू किया। मौके पर ही चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम कर शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है

सूचना मिलते ही तहसीलदार कल्पा कंचन की अगुवाई में राजस्व की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। एसडीएम कल्पा डॉ. शशांक गुप्ता ने कहा कि मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है। इसके अलावा प्रेमचंद नेगी, रामेश्वर नेगी और सोहन सिंह नेगी की दोघरी को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा चंद्रभूषण का खेत भी क्षतिग्रस्त हुआ है। नुकसान का जायजा लिया जा रहा है।

आनी (कुल्लू)। आनी उपमंडल में सोमवार को हुई भारी बारिश के कारण पोखरी पंचायत के रगेली गांव में दो मकान भूस्खलन की चपेट में आ गए। इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोग मलबे में दब गए थे। तीनों शव घटनास्थल से करीब दस किलोमीटर से बरामद किए गए हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम और प्रशासन को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। सुबह करीब 10:00 बजे प्रशासन की टीम एसडीएम नरेश वर्मा की अगुवाई में मौके के लिए रवाना हुई लेकिन जगह-जगह पर मार्ग अवरुद्ध होने के कारण टीम को पैदल घटना स्थल पर पहुंचना पड़ा।

एसडीएम आनी नरेश वर्मा ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों के शव बरामद होने के बाद पीएचसी शवाड़ में पोस्टमार्टम करवाया गया। मृतकों के आश्रितों को 25-25 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई है। एनडीआरएफ की टीम के आने से पहले ही स्थानीय लोगों की मदद से शव बरामद कर लिए गए थे। एसडीएम आनी ने बताया कि हादसा भारी बारिश के कारण हुआ है। इसमें रामदत्त (48) पुत्र कलू, लीला देवी (46) पत्नी राम दत्त, प्यार दासी (65), पत्नी स्व. कलू की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि उपमंडल के विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश से नुकसान हुआ है। इसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

डीएसपी चंद्र शेखर कायथ ने बताया कि मृतकों के शव मकान से आठ से दस किमी दूर बरामद किए गए हैं। शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं कराणा पंचायत के जाबो में भूस्खलन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई थी। सड़कें अवरुद्ध होने के चलते पुलिस और डॉक्टर की टीम आनी से जाबो तक साढ़े तीन घंटे की पैदल चढ़ाई चढ़कर पहुंची। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। इस मौके पर तहसीलदार आनी दिलीप शर्मा, बीएमओ आनी डॉ. भागवत मेहता, एसएचओ आनी पंछी लाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news