
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
22 जून 2023
नालागढ़ पंचायत समिति की बैठक में विभागों के अधिकारी न आने से कोई भी योजना तैयार नहीं हो पाई। बैठक में प्रस्ताव पारित कर सभी विभागों के प्रभारियों को इसी सप्ताह अपने अपने विभाग की योजना पंचायत समिति को भेजने के आदेश दिए गए हैं। बुधवार को नालागढ़ में हुई पंचायत समिति विकास योजना की बैठक में बागवानी, वन और तहसील वेलफेयर के अलावा किसी भी विभाग का अधिकारी नहीं आया। इससे अन्य विभागों से संबंधित योजनाओं पर चर्चा नहीं हो पाई। पंचायत समिति अध्यक्ष सुमन बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में बीडीसी सदस्य तो पहुंचे लेकिन कृषि, लोनिवि, जल शक्ति विभाग समेत दो दर्जन विभागों को प्रतिनिधि बैठक से नदारद रहे।

बागवानी विभाग के उद्यान अधिकारी ने दभोटा में अमरूद के बागीचा लगाने की योजना बताई। वहीं कल्याण विभाग ने जमा दो के बाद छात्रों को दिए जाने वाले कंप्यूटर प्रशिक्षण के बारे में बात की। बीडीसी अध्यक्ष सुमन बंसल ने कहा कि इस महत्वपूर्ण बैठक में विभागीय अधिकारियों का न पहुंचना यह दर्शाता है कि यहां के विभागीय अधिकारी क्षेत्र का विकास नहीं चाहते। जबकि सरकार के आदेश हैं कि कोई भी प्रपोजल सीधे नहीं लिया जाएगा, जब तक उसे ग्राम, खंड और जिला पंचायत विकास योजना की बैठक में नहीं डाला गया हो।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





