
खबर अभी अभी
कुल्लू 23 जून भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए समर्पित था। उन्होंने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उनका संकल्प आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और वे सच्चे अर्थों में अखंड भारत के विचार के जनक हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 सफल वर्ष पूर्ण होने पर उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने सेवा, सुशासन , गरीब कल्याण और राष्ट्रवाद के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वर्ष 2014 से प्रारंभ हुई यह अखंड विकास यात्रा देशवासियों के विश्वास, पारदर्शिता और जनकल्याण पर आधारित रही है और देश की जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास करते हुए उन्हें लगातार तीसरी बार देश का नेतृत्व प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” का मंत्र आज जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है और निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे उसके लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) को प्रभावी ढंग से जमीनी स्तर पर उतार कर करोड़ों लाभार्थियों के खातों में सीधे सहायता राशि पहुंचा कर बिचौलियों और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया गया जिससे सरकारी धन की बड़ी बचत हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के द्वारा गरीब कल्याण की योजनाओं को इन 12 वर्षों में सफल क्रियान्वयन किया गया जिससे करोड़ों लोग गरीबी से बाहर निकलने में सफल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के कल्याण, जनजातीय विकास, आधुनिक आधारभूत संरचना, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में केंद्र सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं जिसका सीधा असर लगातार मजबूत हो रही भारतीय अर्थव्यवस्था से जान पड़ता है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और प्रत्येक नागरिक इस अभियान का सहभागी है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष अमित सूद, प्रदेश प्रवक्ता,अखिलेश कपूर, भीमसेन शर्मा, दानवेंद्र सिंह, युवराज बोध, आदित्य विक्रम सिंह, अर्चना ठाकुर, नवल नेगी, नरेश चौहान, विनोद कायस्था, डॉक्टर अभिलाषा ठाकुर, प्रकाश चौधरी, शरबन लाल, सुनील राणा, अनुपमा कंबोज, लता भारद्वाज, चेतना शर्मा , रेखा गुलेरिया उपस्थित रहे ।





