
10 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

शराब की बोतल पर अंकित प्रिंट रेट से अधिक कीमत वसूलना शराब विक्रेताओं को भारी पड़ गया। ओवरचार्जिंग की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए आबकारी एवं कराधान विभाग ने जिला कुल्लू में आठ शराब की दुकानों को सील कर दिया है। विभाग ने सभी संबंधित ठेका संचालकों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
विभाग के अनुसार लोगों से लगातार मिल रही शिकायतों के साथ-साथ मिली गुप्त और लिखित सूचनाओं के आधार पर टीम ने अलग-अलग स्थानों पर जांच की। जांच के दौरान नियमों की अवहेलना सामने आने पर आठ शराब की दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
विभाग की टीम ने पलचान, शमशी, बाशिंग, सरवरी बाजार, जगतसुख, मनालसू, मंगलौर और हरिपुर में स्थित शराब की दुकानों को सील किया है। संबंधित संचालकों को जुर्माना अदा करने के बाद ही दुकानें दोबारा खोलने की अनुमति मिलेगी।
एक रुपया भी ज्यादा लिया तो होगी कार्रवाई
आबकारी एवं कराधान विभाग ने शराब विक्रेताओं को स्पष्ट चेतावनी दी है कि बोतल पर अंकित निर्धारित मूल्य से एक रुपया भी अधिक वसूलना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
विभाग ने कहा है कि ओवरचार्जिंग की शिकायत दोबारा सामने आने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसमें लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है।
अवैध शराब और बीयर की तस्करी पर भी नजर
विभाग ने ओवरचार्जिंग के साथ-साथ बाहरी राज्यों से अवैध रूप से लाई जाने वाली शराब और बीयर की तस्करी पर भी निगरानी बढ़ाने की बात कही है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी शराब की दुकानों की जांच और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
विभाग ने दी दो टूक चेतावनी
आबकारी एवं कराधान विभाग के उपायुक्त गग्नेश गुप्ता ने बताया कि विभाग नियमों की अवहेलना करने वाले शराब विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने सभी शराब विक्रेताओं को निर्धारित दरों पर ही शराब बेचने की दो टूक चेतावनी दी है।
विभाग की इस कार्रवाई के बाद शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
खबर अभी अभी | कुल्लू





