फील्ड में उतरें अफसर, 48 घंटे में जलापूर्ति सुनिश्चित करें : उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

17 अगस्त 2023

Deputy cm mukesh agnihotri directions to officers in review meeting

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पिछले एक माह के दौरान प्रदेश में भारी बारिश से हुई तबाही से जल शक्ति विभाग को दो हजार करोड़ रुपये की क्षति हुई है। भारी बारिश के कारण हुए नुकसान को शीघ्र ही केंद्र सरकार को अवगत करवाया जाएगा। वह बुधवार शाम को वीडियो कॉन्फ्रेंस से सूबे में क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं की मरम्मत एवं रखरखाव कार्य की प्रगति और बहाली के संबंध में जल शक्ति विभाग के उच्च अधिकारियों की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक ले रहे थे।

अग्निहोत्री ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में आगामी 48 घंटे के भीतर सभी क्षेत्रों में जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। अधिकारी स्वयं क्षेत्रों का दौरा करें और निरंतर कार्य प्रगति की निगरानी करें। आपदा के दूसरे चरण में भी जलापूर्ति एक बड़ी चुनौती है, इसलिए विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर रोक रहेगी। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पेयजल योजना की बहाली को अधिक समय लग रहा है, वहां पर टैंकरों तथा अन्य वैकल्पिक माध्यमों से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा उपलब्ध करवाए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता की भी निरंतर जांच की जाए। ताकि वर्षा ऋतु के दौरान जलजनित रोगों की चुनौती का सामना न करना पड़े। कहा कि आपदा के कारण विस्थापित हुए प्रदेशवासियों के लिए लगाए गए राहत शिविरों में जलापूर्ति का विशेष ध्यान रखा जाए। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में जल शक्ति विभाग की योजनाओं की मरम्मत के लिए तुरंत 50 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news