फोरलेन पर नाके के दौरान CTU बस से 1.091 किलो चरस बरामद, 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार

खबर अभी अभी | सुंदरनगर

सुंदरनगर। मंडी जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना धनोटू की टीम ने फोरलेन पर तरोट बस अड्डे के पास CTU बस से 1.091 किलोग्राम चरस (कैनाबिस) बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरवार को पुलिस थाना धनोटू की टीम में शामिल मुख्य आरक्षी विनय कुमार, आरक्षी निशीकांत, आरक्षी तरुण कुमार और आरक्षी कमल किशोर फोरलेन पर तरोट बस अड्डे के पास मंडी से बिलासपुर की ओर आने वाले वाहनों की जांच के लिए नाकाबंदी कर रहे थे।

इसी दौरान दोपहर करीब 2:30 बजे मंडी की तरफ से चंडीगढ़ रूट पर जा रही CTU बस नंबर CH-01-GB-7015 वहां पहुंची। बस की तलाशी के दौरान सीट नंबर 39 की खिड़की के पास बैठे एक व्यक्ति की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। उसके पैरों के पास एक बैग रखा हुआ था।

पुलिस को बैग में संदिग्ध या अवैध वस्तु होने का शक हुआ। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से कुल 1.091 किलोग्राम चरस बरामद हुई, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

आरोपी की पहचान सचिन शर्मा (23), पुत्र टेक चंद, निवासी गांव किशनकोट, डाकघर राजवन, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।

Share the news