भराड़ीघाट में भारी भूस्खलन, HRTC बस बाल-बाल बची; सड़क पर गिरा भारी मलबा

भराड़ीघाट | 14 अगस्त 2026 | खबर अभी-अभी

बिलासपुर-सोलन सीमा पर भराड़ीघाट-नलाग के बीच भारी भूस्खलन से हड़कंप मच गया। लगातार हो रही बारिश के बीच अचानक पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा। इसी दौरान वहां से गुजर रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस भी भूस्खलन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई।

घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें पहाड़ी से तेज गति से मलबा नीचे गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। भूस्खलन के दौरान सड़क से गुजर रही HRTC बस के आसपास भी मलबा गिरा। हालांकि, गनीमत रही कि बस सुरक्षित निकल गई और उसमें सवार यात्रियों को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।

लगातार बारिश के कारण भराड़ीघाट और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से सड़क की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। यात्रियों से अपील है कि भारी बारिश के दौरान संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें और सड़क पर मलबा या पत्थर गिरने की स्थिति में सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

Share the news