
7/8/2026
धर्मशाला
खबर अभी अभी
जिला कांगड़ा में महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए संचालित वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, साइबर अपराध और स्टॉकिंग जैसे मामलों में पीड़ित महिलाओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। यह जानकारी जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अशोक शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि वन स्टॉप सेंटर में महिला हेल्पलाइन 181 का स्थायी डेस्क स्थापित है, जो 24 घंटे कार्यरत रहता है। किसी भी संकट की स्थिति में महिला 181 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकती है। शिकायत मिलने के बाद आवश्यकता के अनुसार पुलिस सहायता, चिकित्सा सुविधा, कानूनी परामर्श और मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग उपलब्ध कराई जाती है।
अशोक शर्मा ने बताया कि पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए जरूरत पड़ने पर पति और परिवार के अन्य सदस्यों की भी काउंसलिंग करवाई जाती है, ताकि आपसी संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकाला जा सके।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी 15 विकास खंडों में सीडीपीओ कार्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 181 और वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।
महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने महिलाओं से अपील की कि वे घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, साइबर क्राइम, पीछा करने (स्टॉकिंग) या किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें और तुरंत 181 महिला हेल्पलाइन पर संपर्क कर सहायता लें।





