माता चिंतपूर्णी श्रावण अष्टमी मेला आज से, दर्शन पर्ची लेना अनिवार्य

 #खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

17 अगस्त 2023

Mata Chintpurni Shravan Ashtami fair from today, it is mandatory to take darshan slip
चिंतपूर्णी (ऊना)। छिन्नमस्तिका धाम माता चिंतपूर्णी में श्रावण अष्टमी मेले का आगाज वीरवार से होगा। माता रानी के दर्शन करने के लिए दर्शन पर्ची लेना अनिवार्य रहेगी। पुलिस और होमगार्ड जवानों के अलावा सीसीटीवी के जरिये भी निगरानी की जाएगी। जेबकतरों समेत संदिग्धों पर नजर रहेगी। इसके लिए सिविल ड्रेस में पुलिस जवान मुस्तैद रहेंगे। श्रावण अष्टमी मेले के लिए मंदिर को देशी-विदेशी फूलों से सजाया गया है। मां चिंतपूर्णी को दोपहर 12:00 से 12:30 बजे तक भोग लगेगा।

मेले के दौरान मां चिंतपूर्णी का मंदिर चौबीसों घंटे खुला रहेगा और साफ-सफाई के लिए केवल एक घंटा बंद किया जाएगा। मेले के दौरान धारा 144 लागू रहेगी। किसी भी प्रकार का हथियार ले जाने के अलावा मेले में ढोल नगाड़े, लाउडस्पीकर और चिमटा इत्यादि बजाने पर प्रतिबंध रहेगा।

25 अगस्त तक चलने वाले मेले के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र को दस सेक्टरों में बांटा गया है। मेले के दौरान डॉग स्क्वायड भी तैनात रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा अतिरिक्त बसें भी चलेंगी।
उधर, उपायुक्त राघव शर्मा ने बताया कि मेले के लिए सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं।

सुगम दर्शन प्रणाली के तहत भी होंगे दर्शन

मेले के दौरान सुगम दर्शन प्रणाली के तहत भी दर्शन हो सकेंगे। पांच लोगों तक के समूह के लिए 1,100 सौ रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। जबकि दिव्यांग तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए परिचारक सहित 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। सुगम दर्शन प्रणाली का लाभ देने वालों के लिए बाबा माई दास सदन से मंदिर की लिफ्ट तक ई-वाहन द्वारा आने जाने की निशुल्क सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
बुधवार को डीएसपी वसुधा सूद ने भी चिंतपूर्णी में निरीक्षण किया और दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मरवाड़ी और आशापुरी नाके लगाकर मालवाहक वाहनों में आ रहे श्रद्धालुओं को रोका जाएगा। ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

 #खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news