
18 अगस्त 2026 | खबर अभी-अभी
बिलासपुर

बच्चों में आंखों से जुड़ी समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार के उद्देश्य से ‘मिशन दृष्टि बिलासपुर’ का पायलट चरण शुरू किया गया है। अभियान के तहत डियारा स्थित प्राथमिक विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र में 52 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 11 बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याएं पाई गईं।
चिन्हित बच्चों का आगे फॉलो-अप किया जाएगा और आवश्यकता के अनुसार उन्हें उपचार उपलब्ध करवाया जाएगा।
आधुनिक तकनीक से हुई आंखों की जांच
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि बच्चों की प्रारंभिक जांच आधुनिक ऑटो रिफ्रैक्टोमीटर की सहायता से की गई। उन्होंने कहा कि कई बार छोटे बच्चे अपनी दृष्टि संबंधी परेशानी खुद नहीं बता पाते, जिसके कारण उन्हें पढ़ाई में परेशानी, सिरदर्द और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि समय पर आंखों की जांच होने से ऐसी समस्याओं की पहचान कर उनका उचित उपचार किया जा सकता है।
1 सितंबर से पूरे जिले में शुरू होगा अभियान
उपायुक्त ने बताया कि ‘मिशन दृष्टि बिलासपुर’ को 1 सितंबर से पूरे जिले में व्यापक स्तर पर शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत 8 वर्ष तक के बच्चों के साथ-साथ आंगनवाड़ी, सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की भी दृष्टि जांच की जाएगी।
जांच के दौरान दृष्टि संबंधी समस्या पाए जाने वाले बच्चों को आवश्यकता के अनुसार चश्मा, विशेषज्ञ परामर्श और आवश्यक उपचार उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी।
अभियान का उद्देश्य बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याओं की शुरुआती स्तर पर पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है, ताकि आंखों से जुड़ी परेशानी उनकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों को प्रभावित न करे।





