मैहर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई तेज रफ्तार एक्सयूवी, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

खबर अभी अभी
मैहर:
मध्य प्रदेश के मैहर जिले में सोमवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार एक्सयूवी कार सामने चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार सवार सभी युवक एक रिश्तेदार के यहां आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होकर मैहर लौट रहे थे। देर रात रिगरा गांव के पास पहुंचने पर तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्सयूवी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार छह युवक वाहन के अंदर ही फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग टीम, 108 एंबुलेंस और राष्ट्रीय राजमार्ग एंबुलेंस सेवा 1033 मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले पांचों युवक मैहर से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी मनीष पटेल के परिवार के सदस्य थे। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मैहर की मर्चुरी में रखवाया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Share the news