मॉडल मतदान केंद्र रंधाड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं की अनूठी पहल

खबर अभी अभी
मंडी,
30 मई। पंचायत चुनाव के दौरान विकास खंड मंडी सदर के मॉडल मतदान केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रंधाड़ा में मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। इस पहल के तहत मतदान के लिए पहुंचे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न सेवाएं भी उपलब्ध करवाई गईं।

सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सदर रूपिंदर कौर ने बताया कि मॉडल मतदान केंद्र पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कुल 162 लोगों की गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग की गई। इसके अतिरिक्त 202 लोगों के एक्स-रे किए गए, जिनमें से 12 मामलों में एक्स-रे रिपोर्ट असामान्य पाई गई। ऐसे लोगों को आगे आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और जांच करवाने की सलाह दी गई।

उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने का उद्देश्य लोगों को मतदान के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक बनाना है। इस पहल को मतदाताओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली और बड़ी संख्या में लोगों ने इसका लाभ उठाया।

मतदाताओं ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि मतदान केंद्र पर ही स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलने से उन्हें अपनी सेहत के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। विशेष रूप से बुजुर्गों और महिलाओं ने इस पहल को उपयोगी बताया।

लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश देने वाली यह पहल पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। मॉडल मतदान केंद्र रंधाड़ा ने मतदान प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक, जनहितैषी और जागरूकता से परिपूर्ण बनाने की दिशा में एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

Share the news