
2 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | ऊना

ऊना स्थित भाषा एवं संस्कृति विभाग के बहुउद्देशीय कला एवं सांस्कृतिक परिसर के लता मंगेशकर हॉल में ‘एक से श्रेष्ठ’ अभियान की पांचवीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
पांच साल में प्रदेश में स्थापित हुए 650 केंद्र
कार्यक्रम के दौरान ‘एक से श्रेष्ठ’ अभियान के पांच वर्ष पूरे होने और प्रदेश में 650 केंद्र स्थापित किए जाने की उपलब्धि पर अभियान की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि ‘एक से श्रेष्ठ’ अभियान का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाना और उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा से जोड़कर उनके भविष्य को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
राज्यपाल ने की अभियान की सराहना
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने ‘एक से श्रेष्ठ’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेश के बच्चों को शिक्षित करने का जो प्रयास शुरू किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह अभियान और विस्तार हासिल करेगा तथा अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचेगा।
राज्यपाल ने कहा कि “बच्चे देश की रीढ़ की हड्डी हैं” और उनके मानसिक एवं शारीरिक विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
शिक्षकों को लैपटॉप, बच्चों को स्कूल बैग वितरित
कार्यक्रम के अंत में ‘एक से श्रेष्ठ’ केंद्रों में कार्यरत अध्यापकों को लैपटॉप प्रदान किए गए, जबकि सैकड़ों बच्चों को स्कूल बैग और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर, पूर्व विधायक बलवीर चौधरी, राजेश ठाकुर, देवेंद्र भुट्टो, चैतन्य शर्मा, प्रोफेसर राम कुमार और शाम मिन्हास सहित विभिन्न स्कूलों के अध्यापक, अभिभावक और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।





