राहुल गांधी पर FIR के विरोध में कुल्लू कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा की ‘संकीर्ण सोच’ पर बोला हमला

1 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब और गहरा गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में कुल्लू में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार एवं भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ अपना रोष जताया।

कांग्रेस नेताओं ने मीडिया को संबोधित करते हुए राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को झूठी, मनगढ़ंत और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और केंद्र सरकार मूल मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

‘मूल मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश’

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद कार्यक्रम स्थल का कथित रूप से ‘शुद्धिकरण’ किए जाने का मामला सामने आया था। इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राज्यसभा में भी सवाल उठाया गया था।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि उस समय सरकार की ओर से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया गया था, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय ध्यान भटकाने की नीयत से राहुल गांधी के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज करवा दी गई।

भाजपा पर ‘संकीर्ण और सामंती सोच’ का आरोप

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ हुई कार्रवाई सत्ताधारी दल की ‘संकीर्ण और 100 साल पुरानी सामंती सोच’ को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में भी छुआछूत और भेदभाव जैसी मानसिकता को बढ़ावा देना भारतीय संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा से जुड़े अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के नेताओं एवं समर्थकों से भी ऐसी सोच को लेकर आत्मचिंतन करने की अपील की।

‘राहुल गांधी के साथ चट्टान की तरह खड़ी है कांग्रेस’

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एफआईआर और दबाव की राजनीति से राहुल गांधी या कांग्रेस पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि देशभर का कांग्रेस कार्यकर्ता और आम जनता राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान, सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई आगे भी मजबूती के साथ जारी रखेगी।

Share the news